बुधवार, 21 अप्रैल 2010

अशेष


पैसठवा साल खत्म हो गया मेरा । जिंदगी के इस मोड पर आकर लगता है अब कुछ पाना शेष नही है । किसी बात का अफसोस भी नही, उन बातों का भी नही जो कुछ साल पहले तक भीतर तक दुख पहुंचाती थीं कि हाय, मैने ऐसा क्यूं नही किया । पर अब प्रसन्न हूँ जो कुछ किया उसमें मेरी औऱ ईश्वर की, दोनों की, मर्जी थी । कुछ और करती तो जीवन कुछ और तरह का हो जाता । पर मुझे तो यही राह चुननी थी जो मैने चुनी ।
जिंदगी हमेशा आपको दो राहे पर लाकर खडा कर देती है पर चुनाव पूरी तरह आपका अपना होता है । किसी और को उसका दायित्व आप दे ही नही सकते । उस वक्त की मजबूरियाँ जो भी रही हों निर्णय सर्वस्वी आपका होता है । दबाव हो सकते हैं किंतु कोई आपका हाथ पकड कर आपसे काम नही करवाता, करवा सकता भी नही । निर्णय लेते वक्त उसके क्या परिणाम आप झेल सकते हैं और क्या नही, यही होता है निर्णय के पीछे का एक बडा मुद्दा । कई बार ऐसी स्थितियाँ होती हैं कि परिणाम सोचे बिना ही आप एक राह पर चल पडते है । अधिकतर आप आसान राह चुन लेते है, जिसमें परिणाम सहना थोडा आसान होता है । मुश्किल राह चुनने वाले को सफलता मुश्किल से मिले, राह कांटों भरी हो, पर अंतत: अपना साध्य उन्हे मिल ही जाता है खुशी भी मिलती है, शाश्वत होती है या नही यह कहना कठिन है । कई बार आसान निर्णय आपको ज्यादा खुशी दे जाता है बनिस्बत कठिन और मुश्किल राह के । पर कहीं न कहीं भगोडे पन की टीस आपको सालती रहती है कि मेरी काबिलियत को चुनौती देने वाली राह मैने नही चुनी ।
लेकिन अब नही । अब जैसे सब कुछ शांत है । जीवन जैसे परिपूर्ण तृप्त महसूस हो रहा है । वह संघर्ष, वह जी जान से किसी चीज़ को पाने की चाह, सब कुछ अब कितना बचकाना लग रहा है । आखरी वक्त तो आप यही सोचते हैं कि एक इन्सान के नाते आपका जीवन सफल रहा या विफल । और लग रहा है कि सफलता के जो दुनियाई मापदंड हैं उसमें गिलास आधे से थोडा ज्यादा ही भरा है ।
जन्म अच्छे सुसंस्कृत घर में होना किस्मत की ही तो बात है, उसी तरह ये बात भी कि लडका लडकी के लिये अलग मापदंड होते हुए भी मेरे पिता हमेशा मेरे पीछे चट्टान की तरह खडे रहे और मेरी शिक्षा बदस्तूर जारी रही । शादी के बाद घर परिवार भी आधुनिक खयालों वाला मिला तो आगे उच्च शिक्षा के लिये भी कोई रुकावट न थी । पती समझदार, स्त्री को उचित आदर सम्मान देने वाले मिले । आज संतान भी सफल सुफल है । तो सब कुछ ठीक ही रहा, रास्ते में कठिनाइयाँ भी आईं पर उनको पार पाने के रास्ते भी मिलते ही गये । तो ईश्वर ने मेरी झोली में आम आदमी से कुछ अधिक ही डाला है । मेरे ही अपने भाई बहन जो मुझ से कहीं अधिक काबिल थे जीवन ने उनके साथ न्याय नही किया । एक तरफ अच्छा दिया तो दूसरी तरफ से निकाल भी लिया । अधिकतर लोगों के साथ ऐसा ही होता है । कुछ ही खुश-नसीब होते हैं जिनके हिस्से अधिकतर जीत ही आती है । इस सब के लिये ईश्वर का अनेक धन्यवाद ।

मंगलवार, 6 अप्रैल 2010

सूना सूना सा रस्ता

सूना सूना सा है रस्ता
पर देख एक मुसाफिर चला ।
माना कि घुप्प अंधेरा है
पर तू एक दिया तो जला .
लाख हैं चाहें बाधायें
पर आगे बढे ये सिलसिला ।
चांद अमावस का ना हो तो
क्या पूनम की औकात भला ।
तेरे पायल की छम छम
फिर क्या सितार की तान भला ।
पीपल के पत्ते जब डोलें
पंखा पुरवाई का चला ।
जब बात हो बस मेरी तेरी
तो क्या दुनिया की बात भला ।

बुधवार, 10 मार्च 2010

पलक की झपकनी

थोडी सुनी तुम्हारी, कितनी सुनाई अपनी
इस तरह रात गुजरी, इक पलक की झपकनी ।
बरसों से जो दबा कर इस हृदय में रखा था,
हमनें तो दे उंडेला, बाकी रहा छिटकनी ।
चुपचाप ही रहे तुम, न कहा कुछ जबां से,
कानों में दिल बसा कर, सुनते रहे धडकनी ।
जब रात हुई गहरी काजल गया था बहता,
आखों को लग गई थी जैसे कोई टपकनी ।
हाथों से आपने, मेरे अलकों को था संवारा,
उंगली पे आंसुओं को, यूं तोला ज्यूं हिरकनी ।
फिर धीमे से कहा था, मेरे प्राण बसते तुम में,
आंसू से धुल न जाये, तेरे आंख की चमकनी ।

रविवार, 28 फ़रवरी 2010

होरी


होरी पे ऐसे रंग ना डारो,
रार ना मचाओ बनवारी ।
खिलत रहे फुलवा गुनगुनाए भंवरा
देख देख मोर हंसत काहे पियरा
सखी सहेली करत ठिठोली
काहे दो उन्हें अवसर गिरिधारी । रार न मचाओ बनवारी

रंग भिगोया गुलाल गाल मले
चूनर भीगी भीगे मोर केश पडे
थर थर कांपत, गात सुकोमल
और न मारो न मारो पिचकारी । रार न मचाओ बनवारी

गोप गोपी संग रास रचायें
जमुना तट पे धूम मचायें
हम बूंद, सागर तो आप प्रभु
बिनती करो स्वीकार हमारी । रार न मचाओ बनवारी

शनिवार, 13 फ़रवरी 2010

अहसास



तुम्हारे प्यार का अहसास लपेटे रहता है मुझे कोहरे सा
कानों में गुनगुनाता है एक मधुर रागिनी
पायल की छनछन, बन जाती है मेरे दिल की धडकन
मन मोर नाचने लगता है उसके ताल पर
और इस अहसास में मै, हो रहता हूं मगन
अपने में ही ।

बुधवार, 3 फ़रवरी 2010

दुनिया तो...


सब कुछ कितना बेमानी है
दुनिया तो आनी जानी है ,
हर पल सदा बदलने वाली
नित्य ही ये नई कहानी है । सब कुछ....

वो इच्छाएँ, वो आशाएँ,
अगणित अगणित अभिलाषाएँ,
जिनके पीछे रहे दौडते
लेकर सालंकृत भाषाएँ
व्यर्थ किया जिस पर इतना श्रम
कमल-पत्र ऊपर पानी है । सब कुछ..

वो बचपन की छोटी छोटी
सपनों वाली बीरबहूटी
वो साथी से आगे होना
लड-झगड कर हंसना रोना
याद आ रही है बचपन की
आँखों मे लेकिन पानी है । सब कुछ.....

यौवन की मदमाती मस्ती
कुछ तो अपनी भी थी हस्ती
दुनिया अपने मुठ्ठी में थी
जीत की इच्छा घुट्टी में थी
धन,साफल्य, सम्मान, प्रियतमा
केवल मुझको ही पानी है । सब कुछ....

अब उम्र के इस पडाव पर
पंछी से बच्चे छोड गये घर
रहे अकेले वृध्द दंपति
रिश्ते नाते होते जर्जर
जीवन क्या ये सार्थ मान लें?
या ये बातें बचकानी है । सब कुछ....

एक बात पर समझ गये हैं
जितने भी अब बाकी पल हैं
ये पल जन हित में लग जाये
तो अपनी बात बन जाये
तभी शांति पायेगा मन और
तभी जिंदगी रास आनी है । सब कुछ......

मंगलवार, 5 जनवरी 2010

देख लो


मौत में भी जिंदगी को देख लो
गम के पीछे की खुशी को देख लो ।
मेरे तेरे आंसुओं का मोल क्या
उनका हंसना कीमती है देख लो ।
खुशियां तो होती हैं बूंदे ओस की
दुख मरुथली रेत है तुम देख लो ।
आदमी की बात तो करते हैं वे
आदमी को दफन करता देख लो ।
मैने कब चाहा था कोई आसमां
पांव से धरती खिसकती देख लो ।
हम अगर नुकसान से हों बेखबर
महल आशाओं के ढहते देख लो ।
धरती घूरा बन रही है क्या करें
सांस में घुलता प्रदूषण देख लो ।
बच्चों को तो सपनों से फुरसत नही
बुजुर्गों का दम निकलता देख लो