बुधवार, 30 मार्च 2016

आजकल










आजकल देख कर मुस्कुराने लगे हैं,
धीरे धीरे करीब दिल के आने लगे हैं।

बातों बातों में बातें निकली कुछ ऐसे,
लोग उसके के फसाने बनाने लगे हैं।

मुझे उनके इतने करीब जानकर अब,
दोस्त भी मेरे नजदीक आने लगे हैं।

किसी बात की पक्की खबर न हो तो
बात का ही बतंगड बनाने लगे हैं।

हमें आपसे इक लगावट तो है पर,
लोग इसको मुहब्बत बताने लगे हैं।

माहौल ये अब मर्जी का ही है,
उदासी के बादल जो जाने लगे हैं।

रविवार, 20 मार्च 2016

Happy Holi

कितना सुंदर देश है हमारा, कितनी सुंदर इसकी सभ्यता और संस्कृति।
विभिन्न भाषाएँ और बोलियाँ। हर प्रांत की उसके लोगों की अपनी विशेषताएँ,
बिलकुल होली के खूबसूरत रंगों की तरह।
कहते हैं सारे रंग अगर मिल जायें तो बनता है सफेद रंग, शांति और सद्भाव का प्रतीक।
पर क्या हो गया है, आजकल ये सारे रंग मिल कर स्याह रंग क्यूँ बना रहे हैं। सारे खूबसूरत रंगों पर किसने पोती है ये कालिख?

हरा, भगवा और सफेद हमारे राष्ट्र ध्वज के रंग, खुशहाली, पराक्रम और शांति के रंग उस पर ऩीले रंग का अशोक चक्र। आज क्यूं एक दूसरे के विरोध में खडे होकर प्रतिशोध  की ज्वाला धधका रहे हैं।
अरे, सब अपने तरीके से पूजो न उस ईश्वर को, करो इबादत जैसी चाहो, पर देश तो हमारा है न, सबका साझा है। फिर क्यूं लडे हम कि कौन इसको ज्यादा प्यार करता है।
गलत बात है आपसी दुश्मनी के लिये देश को बीच में लाकर उसके लिये अपमान-जनक भाषा का प्रयोग करना। देश के शत्रुओं की जयकार लगाना।
और ये नेता लोग ये बडे हैं ना हमारे देश के, इनसे तो वह भी नही होता जो घर के बडे करते हैं। कहने के लिये बडे हैं पर वे ही इस आग को और धधका रहे हैं। यह तो नही होता कि सामंजस्य से विवाद निपटायें, हर कोई इस आग में अपनी रोटी सेंक रहा है।
निकट आती कुर्सी जो दिखाई दे रही है।
न सही बडे, बच्चों तुम ही समझ जाओ वो कहते हैं ना, Child is the father of Man. समझो इनकी चालों को न आओ इनके कहे में। मन का वैमनस्य मिटा कर सब मिलकर खेलो होली ताकि खिल उठें सारे रंग और सज जाये हमारा सुंदर इंद्र-धनुष।

होली की शुभ कामनाएँ।
होली मुबारक।
Happy Holi.    

चित्र गूगल से साभार।

बुधवार, 10 फ़रवरी 2016

खोया पाया

कितना कुछ खोना पडता है,
कुछ पाने के लिये।
और देना पडता है श्रमदान,
पाया बनाये रखने के लिये।

हम अक्सर गफलत कर जाते हैं,
पाये पर अपना मालिकाना हक समझने की।
नही जानते कि हमने किराये पर लिया है इसे,
हमारे इस देह की तरह।

इसको जतन करना है तो करना पडेगा श्रम,
ये तो हमारा ही है कहाँ जायेगा, नही पालना है ये भ्रम।

जहाँ किराया भरने से चूके, कि पाया खो जाता है,
देह को उपेक्षित किया कि घुन लग जाता है।
मन दुर्लक्षित हुआ कि मैला हो जाता है। 

देह को श्रम साध्य करना,
मन को रखना स्वच्छ, सरल निर्मल शिशुसा

फिर शायद पाया रहेगा पाया, लंबे समय तक।
पर चिरंतन तो कुछ भी नही।

   

मंगलवार, 26 जनवरी 2016

इक लडकी






गेंहूँ के दाने सी इक लडकी
सुनहरी, चमकती, खनकती।
अपने नसीब से अनजान,
इठलाती, बलखाती, खिलखिलाती।

जानती कहाँ है पिसेगी वो,
पानी में भीगेगी, पिटेगी, मसली जायेगी
सिंकेगी जिंदगी के चूल्हे पर,
दुखों की आग में जलेगी,
परोसी जायेगी किसी के आगे,
फिर भी मुस्कुरायेगी, चाहे म्लान ही क्यूं न हो मुस्कान।

या फिर गाड दी जायेगी जमीन में,
लेकिन उसकी जिजिविषा देखो,
फिर उगेगी, लहरायेगी, खिलखिलायेगी, लौटायेगी तुम्हें सौ गुना।

ये लडकी गेंहूँ के दाने सी।

चित्र गूगल से साभार।

गणतंत्र दिवस की मंगल कामनाएँ।

शनिवार, 16 जनवरी 2016

याद करना मुझे

याद करना मुझे मेरे जाने के बाद।
याद करना मेरी बातें, मेरी आदतें
अपनी चाहतें।
याद करना मेरा सजना, संवरना
घर को सजाना।
याद करना मेरा प्यार, मेरा राग-अनुराग,
मेरा त्याग।
याद करना अपनी लडाई, मेरी बुराई,
थोडी अच्छाई।
मिलन के क्षण, थोडी जुदाई
प्यार की गहराई।
याद कर के खुश होना, रोना नही।
या फिर नही याद करना।
क्यूं कि याद करके दुखी होने से अच्छा है
भूल जाना।

शुक्रवार, 1 जनवरी 2016

शुभ कामनाएँ

उज्वल, शांतिपूर्ण, यशदायी,
नया वर्ष हो सब को सुखमय,
औऱ कभी मुश्किल आये तो
उसका हल निकलना हो तय।

अच्छे नेताओं के हाथ,
करेंगे हम सदा मजबूत 
अपने अपने ही स्तर पर,
हम करेंगे परिश्रम अकूत।

छोटे छोटे लोभ मोह को,
तज ही देंगे हम प्रयत्न से,
तभी तो फिर आगे बढेगी
सच्चाई हर झूटे-पन से।

समय से सारा काम करेंगे,
तब जाकर आराम करेंगे
समय की पहचानेंगे कीमत
समय पर जायेंगे आयेंगे।

पानी, बिजली खर्च तो करेंगे,
नही कदापि व्यर्थ करेंगे,
घर को तो रखते ही हैं साफ
परिसर को भी साफ रखेंगे।

बस के टिकिट, छिलके मूंगफली के
एक थैली में पास रखेंगे
जब भी कूडादान मिलेगा,
उसी में ही उनको फेकेंगे।

प्लास्टिक की थैली का वापर
बहुत ही अब हम कम कर देंगे,
पुरानी पैंट और कप़डों के थैले
सिल कर उनसे ही काम लेंगे।

इन थोडी सी बातों से ही
बहुत बडा बदलाव आयेगा,
भारत के हम लोगों को फिर
विश्व जरूर नक्शे पे लायेगा।


सारे ब्लॉगर बंधु भगिनियों को नये वर्ष की मंगल कामनाएँ।

सोमवार, 7 दिसंबर 2015

तुमसे अलग

,


कितना खालीपनहोता है,
 कितना सन्नाटा,
रहती हूं जब, तुमसे अलग

कितना सुरक्षित, लगता है उडना
मन पंखों पर,
रहती हूँ जब तुम्हारे साथ।

मेरा क्या है, हूँ भी या नही
क्या फर्क पडता है,
होकर तुमसे अलग। 

तुम्हारे साथ मै, 
मै कहाँ होती हूँ,
रहते हो बस तुम ही।

न कोई साज, 
न सजने की कोई इच्छा
जगती है, हो कर तुमसे अलग।

चहरे पर रौनक ,मन रुनझुन,
खनकते हैं कंगना,
तुम्हारे साथ।

रहना है यूँ ही साथ साथ,
बस नही रहना
तुमसे अलग। 


चित्र गूगल से साभार।